कटक। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की वार्षिक बैठक स्थानीय तेरापंथ भवन में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ।
सभा के अध्यक्ष श्री मुकेश जी सेठिया ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल में प्राप्त सहयोग के लिए आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। मंत्री श्री रणजीत जी दूगड़ ने मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश जी सुराणा ने सभा का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने “ओम् अर्हम्” की मंगल ध्वनि के साथ पारित किया। प्रथम चरण का संचालन श्री मनीष जी सेठिया ने किया।
बैठक के द्वितीय चरण में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई। चुनाव अधिकारी श्री सुंदरलाल जी लोढ़ा एवं सहयोगी श्री संजय कुमार जी सेठिया की उपस्थिति में आगामी कार्यकाल 2026-28 हेतु अध्यक्ष पद के लिए नाम आमंत्रित किए गए। सदन की सर्वसम्मति से श्री मुकेश जी सेठिया को पुनः दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
अंत में उपाध्यक्ष श्री मालचंद जी सिंघी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के पश्चात अल्पाहार की व्यवस्था रही।
समाचार प्रदाता – पुष्पा सिंघी
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
