-
ओडिशा सरकार और ईएसआईसी के बीच हुआ करार
भुवनेश्वर। लेवर एवं ईएसआई विभाग तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के बीच भुवनेश्वर के अंधारुआ में नए ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल ओडिशा में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
यह एमओयू भुवनेश्वर स्थित खारवेल भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर श्रम एवं ईएसआई विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव चित्रा अरुगम सहित राज्य सरकार और ईएसआईसी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समझौते के तहत राज्य सरकार ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के तत्काल संचालन को शुरू करने के उद्देश्य से चंद्रशेखरपुर स्थित मौजूदा ईएसआई अस्पताल को ईएसआईसी को हस्तांतरित कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से क्षेत्र में ईएसआई लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
ओडिशा सरकार की ओर से इस समझौते पर श्रम एवं ईएसआई विभाग के अतिरिक्त सचिव राजेश कुमार अग्रवाल, ईएसआई योजना की निदेशक मधुमिता नायक संयुक्त निदेशक सूर्यनारायण पाढ़ी तथा चंद्रशेखरपुर ईएसआई अस्पताल के अधीक्षक अमीय कुमार सामल ने हस्ताक्षर किए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
