भुवनेश्वर। क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल होने के लिए ओडिशा पहुंचे केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ जी के दर्शन किए। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। महाप्रभु के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ जी की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे, हर घर-आँगन धन-धान्य से भरा रहे, और सबके जीवन में अपार सुख, समृद्धि और आनंद हो, यही मेरी प्रार्थना है।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने सभी लोगों की सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की है, साथ ही दुनिया में चल रहे संघर्षों के समाप्त होने की भी प्रार्थना की है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल को शामिल करते हुए एक क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें खाद्य सुरक्षा, किसानों की आय और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। इसके अलावा, दालों और तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने तथा एकीकृत कृषि प्रणाली के माध्यम से छोटे किसानों की खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
