-
सरकार ने जनता से की सामान्य खरीदारी की अपील
-
कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई
भुवनेश्वर। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच ओडिशा सरकार ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर जनता को आश्वस्त किया है। अनु गर्ग ने ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति स्थिति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में राज्य संकट प्रबंधन समूह, तेल विपणन कंपनियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया गया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
पेट्रोल पंपों पर सामान्य स्थिति
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के अधिकांश पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से ईंधन समाप्त होने की स्थिति बनी थी, लेकिन तेल कंपनियों के समन्वित प्रयासों से आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी गई।
घरेलू एलपीजी वितरण को प्राथमिकता
घरेलू एलपीजी वितरण को प्राथमिकता दी जा रही है। शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को 21 से 25 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
पीएनजी को बढ़ावा
सरकार द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी संस्थानों को एलपीजी के स्थान पर पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक प्रवासी श्रमिकों और विद्यार्थियों को वैध पहचान पत्र के आधार पर 38,681 फ्री-ट्रेड 5 किलो एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं।
कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों ने 7,662 अवैध रूप से जमा किए गए एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इन सिलेंडरों को दोबारा आपूर्ति श्रृंखला में शामिल करने के लिए तेल कंपनियों को सौंप दिया गया है। कालाबाजारी और अवैध डायवर्जन के मामलों में अब तक 36 मामले दर्ज किए गए हैं और 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला कलेक्टरों को नियमित जांच के निर्देश
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने जिला कलेक्टरों को नियमित निरीक्षण करने और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि केवल एम्बुलेंस, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए ही सीमित बफर स्टॉक रखा जाए।
जनता से अपील- घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि तेल कंपनियों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अतिरिक्त ईंधन या गैस सिलेंडर जमा करने से बचें। सामान्य दिनों की तरह ही जरूरत के अनुसार खरीदारी करें।
सरकार अंतरराष्ट्रीय स्थिति, पाइपलाइन आपूर्ति और रिफाइनरी संचालन पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि राज्य में ईंधन और गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
