Home / Odisha / ओडिशा में ईंधन संकट के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में जबरदस्त उछाल
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में ईंधन संकट के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में जबरदस्त उछाल

  •     पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के बीच ईवी शोरूम में बढ़ी भीड़

  •     दो से दस गुना तक बढ़ीं बुकिंग, डिलीवरी के लिए करना पड़ रहा इंतजार

भुवनेश्वर। ओडिशा में जारी ईंधन संकट और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग में अचानक भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भुवनेश्वर और कटक समेत राज्य के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर घंटों इंतजार की स्थिति बनी हुई है, जबकि कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरें भी सामने आई हैं।

इस स्थिति के बीच पिछले दो दिनों में राज्यभर के ईवी शोरूमों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई। वाहन डीलरों के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों की बुकिंग दो से दस गुना तक बढ़ गई है क्योंकि लोग पेट्रोल-डीजल वाहनों के विकल्प तलाश रहे हैं।

पहली बार खरीदारों की संख्या भी बढ़ी

ऑटोमोबाइल कारोबारियों का कहना है कि बेहतर तकनीक, कम परिचालन खर्च और चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार के कारण लोग तेजी से ईवी की ओर आकर्षित हो रहे हैं। बड़ी संख्या में पहली बार वाहन खरीदने वाले ग्राहक भी शोरूम पहुंच रहे हैं।

ईंधन संकट ने बढ़ाई ईवी बिक्री

आदित्य ग्रुप के प्रबंध निदेशक आदित्य पात्र ने कहा कि भुवनेश्वर-कटक क्षेत्र में ईंधन की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता ने ईवी बिक्री को तेजी से बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का समर्थन और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार भविष्य में मांग को और बढ़ाएगा।

वहीं, खंडगिरि स्थित एमजी सेंट्रल के जीएम-सेल्स देवाशीष दास ने बताया कि दोपहिया और चारपहिया दोनों श्रेणी के ईवी को लेकर पूछताछ में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में करीब 190 चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने की संभावना है, जिससे ईवी अपनाने की रफ्तार और तेज होगी।

डिलीवरी के लिए तीन से चार महीने का इंतजार

एमबीएस बजाज के प्रबंध निदेशक मंसूर बॉक्स ने बताया कि उनके शोरूम में पिछले दो दिनों में पूछताछ करीब दस गुना बढ़ गई है। ऑटोमोबाइल डीलरों के अनुसार, कंपनियां अचानक बढ़ी मांग को पूरा करने में संघर्ष कर रही हैं और कई मॉडलों की डिलीवरी अवधि अब तीन से चार महीने तक पहुंच गई है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …