Home / Odisha / मछली पकड़ने वाली नौकाओं की आड़ में चल रहा था डीजल तस्करी रैकेट
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मछली पकड़ने वाली नौकाओं की आड़ में चल रहा था डीजल तस्करी रैकेट

  •     पारादीप मरीन पुलिस ने किया भंडाफोड़

  •     समुद्र में खड़े कार्गो जहाजों से हजारों लीटर डीजल चोरी कर काला बाजारी का आरोप

  •     एक आरोपी हुआ गिरफ्तार

पारादीप। ओडिशा तट के गहरे समुद्री क्षेत्र में खड़े कार्गो जहाजों से अवैध रूप से डीजल निकालकर तस्करी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पारादीप मरीन पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान समुद्र में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक मोटर चालित मछली पकड़ने वाली नाव को पकड़कर उससे 3,500 लीटर डीजल जब्त किया।

सूत्रों के अनुसार पारादीप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मरीन पुलिस की टीम ने नेहरू बंगला मछली बंदरगाह के निकट समुद्र में छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध नाव को रोका गया, जिसमें अवैध रूप से ले जाया जा रहा डीजल बरामद हुआ।

मामले में आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के निवासी और वर्तमान में पारादीप के संधाकुड़ा क्षेत्र में रह रहे मछुआरे सुन्नापल्ली नीलय्या को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि उसके दो सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों और पूरे गिरोह के कथित मास्टरमाइंड की तलाश शुरू कर दी है।

कार्गो जहाजों से चोरी कर तट तक पहुंचाया जाता था डीजल

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गहरे समुद्र में लंगर डाले कार्गो जहाजों से उच्च गुणवत्ता वाला डीजल अवैध रूप से निकालता था। आरोप है कि इस काम में कुछ जहाज कप्तानों और चालक दल के सदस्यों की मिलीभगत भी थी।

चोरी किए गए डीजल को मछली पकड़ने वाली नौकाओं के जरिए तट तक पहुंचाया जाता था और बाद में काला बाजारी में बेचा जाता था। पुलिस के अनुसार मछली पकड़ने वाली नावों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों को छिपाने के लिए किया जा रहा था। अतिरिक्त एसपी ने कहा कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित अंतरराज्यीय अपराध सिंडिकेट सक्रिय है।

सिम कार्ड, शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी का भी शक

जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह नेटवर्क केवल डीजल तस्करी तक सीमित नहीं था। इसके जरिए पहले से सक्रिय सिम कार्ड, मांस, सब्जियां, शराब, मादक पदार्थ और नकदी के अवैध लेनदेन भी किए जाते थे। पुलिस ने बताया कि समुद्री क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गिरोह के वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जब्त नाव और अन्य सामग्रियों को अपने कब्जे में ले लिया है। मरीन पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …