Home / Odisha / बालियंता हिंसा मामले की जांच क्राइम ब्रांच को

बालियंता हिंसा मामले की जांच क्राइम ब्रांच को

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर सीआईडी-क्राइम ब्रांच ने संभाली जांच

  •     चार पुलिसकर्मी निलंबित, दो होमगार्ड को सेवा से हटा दिया गया

  •     बालियंता थाने के आईआईसी का तबादला

भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर के बालियंता क्षेत्र में कथित यौन उत्पीड़न और जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वाईं की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के मामले ने पूरे ओडिशा को झकझोर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश और डीजीपी के आदेश के बाद सीआईडी-क्राइम ब्रांच ने पूरे मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। साथ ही पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है तथा दो होमगार्ड को सेवा से हटा दिया गया है।

सीआईडी-क्राइम ब्रांच ने 9 मई को बालियंता थाना कांड संख्या 220 और 221/2026 के आधार पर केस संख्या 06/2026 और 07/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। यह मामले भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं।

जांच की जिम्मेदारी सीआईडी-क्राइम ब्रांच की उप पुलिस अधीक्षक रत्नप्रभा सतपथी को सौंपी गई है, जो मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। जांच में सार्वजनिक स्थान पर कथित यौन उत्पीड़न की घटना और उसके बाद भड़की भीड़ हिंसा में कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वाइन की मौत के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अनिरुद्ध राउतराय कर रहे हैं जांच की निगरानी

क्राइम ब्रांच के पुलिस अधीक्षक अनिरुद्ध राउतराय सीधे तौर पर जांच की निगरानी कर रहे हैं। विभाग ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उठ रहे सवालों के बीच विभागीय कार्रवाई भी शुरू

इधर, मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विभागीय कार्रवाई भी शुरू हो गई है। बालियंता थाना वाहन दल से जुड़े एक सब-इंस्पेक्टर, एक एएसआई और एक ओडिशा ऑक्सिलियरी पुलिस फोर्स (ओएपीएफ) कर्मी को निलंबित कर दिया गया है। इसी यूनिट से जुड़े एक होमगार्ड को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है।

पीसीआर-42 वाहन दल का एक कांस्टेबल भी निलंबित

इसके अलावा पीसीआर-42 वाहन दल के एक कांस्टेबल को भी निलंबित किया गया है, जबकि एक अन्य होमगार्ड को ड्यूटी से हटा दिया गया है। कुल मिलाकर चार पुलिसकर्मी निलंबित और दो होमगार्ड सेवा से पृथक किए गए हैं।

इंस्पेक्टर रश्मिता बेहरा नया आईआईसी नियुक्त

मामले में बालियंता थाना के आईआईसी अनिल कुमार परिडा को भुवनेश्वर यूपीडी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर रश्मिता बेहरा को बालियंता थाना का नया आईआईसी नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय आपात बैठक की

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोक सेवा भवन में उच्चस्तरीय आपात बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए क्राइम ब्रांच को विस्तृत और गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को चुनौती देने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीजीपी को सतर्क रहने का निर्देश दिया

मुख्यमंत्री ने डीजीपी को सतर्क रहने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भीड़तंत्र के लिए ओडिशा में कोई जगह नहीं है और कानून का राज हर हाल में कायम रखा जाएगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्रा, मुख्य सचिव अनु गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) हेमंत शर्मा, डीजीपी वाई.बी. खुरानिया, मुख्यमंत्री के एसीएस सस्वत मिश्रा, आईजी इंटेलिजेंस आर.पी. कोचे, एडीजी कानून व्यवस्था संजय कुमार, एडीजी क्राइम ब्रांच विनयतोष मिश्रा, पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह और डीसीपी जगमोहन मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

टीमों में वैज्ञानिक, साइबर विशेषज्ञ व डॉग स्क्वॉड भी शामिल

मामले पर जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच के डीआईजी बी गंगाधर ने बताया कि जांच के लिए 10-10 अधिकारियों वाली दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में वैज्ञानिक और साइबर शाखा के विशेषज्ञों के साथ डॉग स्क्वॉड को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कथित यौन उत्पीड़न, मॉब लिंचिंग की घटना तथा पुलिस की संभावित लापरवाही सहित सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जाएगी। डीआईजी ने यह भी बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपितों को आगे की पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच रिमांड पर लिया जाएगा। संवेदनशील मामले को क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने को राज्य पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और आगे और जानकारी सामने आने की संभावना है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …