-
मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता और पुनर्नियुक्ति की मांग
-
ढेंकानाल में मचा हड़कंप
ढेंकानाल। ढेंकानाल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ओडिशा स्पेशल आर्म्ड पुलिस (ओएसएपी) का एक पूर्व कांस्टेबल नौकरी में पुनर्बहाली और मां के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग को लेकर टाउन थाना के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
युवक की पहचान कामाख्यानगर थाना क्षेत्र के सोगर गांव निवासी रुद्र नारायण दास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
रुद्र नारायण दास ने वर्ष 2018 में ओएसएपी में नौकरी ज्वाइन की थी। प्रशिक्षण के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मेडिकल रेस्ट पर भेज दिया गया। स्वस्थ होने के बाद जब उन्होंने दोबारा ड्यूटी ज्वाइन करने की कोशिश की तो उन्हें सेवा से हटा दिया गया।
इसके बाद से वह लगातार जिला प्रशासन, विभागीय अधिकारियों और यहां तक कि मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी नौकरी बहाल करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
दास का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण वह अदालत में मामला भी नहीं लड़ सके। अपनी मांगों को लेकर वह एक बार ढेंकानाल से पैदल चलकर भुवनेश्वर तक मुख्यमंत्री से मिलने भी पहुंचे थे। उन्होंने बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की, लेकिन आरोप लगाया कि किसी ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।
गरीब और बीमार माता-पिता के इकलौते शिक्षित बेटे रुद्र ने कहा कि वह अपने परिवार का इलाज कराने में भी असमर्थ हैं। उन्होंने राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर इच्छामृत्यु की अनुमति तक मांगी थी।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और प्रशासन युवक को शांत कर सुरक्षित नीचे लाने में जुटा रहा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
