Home / Odisha / राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के 77 विधायक व मंत्री पारादीप में

राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा के 77 विधायक व मंत्री पारादीप में

  •    वोटिंग प्रशिक्षण और क्रॉस वोटिंग रोकने पर फोकस

  •     नेताओं को मतदान प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा

  •     महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और केंद्रीय पर्यवेक्षक चंद्रशेखर बावनकुले भी देंगे मार्गदर्शन

  •     तीन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की तैयारी

भुवनेश्वर। ओडिशा में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को भुवनेश्वर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक उच्चस्तरीय रणनीति बैठक आयोजित की गई, जिसमें चार रिक्त सीटों के लिए होने वाले चुनाव में पार्टी समर्थित तीन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद भाजपा के 77 मंत्री और विधायक तीन बसों में सवार होकर पारादीप रवाना हुए, जहां वे मतदान के दिन तक ठहरेंगे। इन नेताओं को मतदान प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और केंद्रीय पर्यवेक्षक चंद्रशेखर बावनकुले भी उन्हें मार्गदर्शन देंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के रविवार को पारादीप पहुंचने की संभावना है।

पारादीप में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और उम्मीदवार मनमोहन सामल तथा उम्मीदवार सुजीत कुमार भी मौजूद हैं और चुनावी रणनीति के समन्वय में लगे हैं। पार्टी की योजना अपने आधिकारिक उम्मीदवार मनमोहन सामल और राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को जिताने के साथ-साथ चौथी सीट के लिए निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को समर्थन देने की है।

बताया जा रहा है कि विधायकों को पारादीप में एक ही स्थान पर रखने का उद्देश्य अनुशासन बनाए रखना, क्रॉस वोटिंग की आशंका को रोकना और “ग्रुप फॉर्मूला” के तहत वोटों का सही वितरण सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य या निजी कारणों से शनिवार को अनुपस्थित रहे कुछ विधायक रविवार को प्रशिक्षण में शामिल होने की खबर है।

रवाना होने से पहले परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना ने मीडिया से कहा कि चुनाव को लेकर नेताओं में स्वाभाविक उत्साह है और भाजपा को जीत का भरोसा है। वहीं महाकालपाड़ा के विधायक दुर्गा प्रसन्न नायक ने इसे नए विधायकों के लिए अनुभवी नेताओं से सीखने का अवसर बताया। मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि संख्या का गणित लगभग तय है और अब तीनों उम्मीदवारों की जीत की अंतिम रणनीति पर काम हो रहा है।

ओडिशा में राज्यसभा के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को होना है। विधानसभा में मजबूत संख्या बल के आधार पर भाजपा तीन सीटों पर जीत हासिल करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …