Home / International / सीरिया–सऊदी अरब के बीच एयरलाइन, टेलीकॉम और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े समझौते
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

सीरिया–सऊदी अरब के बीच एयरलाइन, टेलीकॉम और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े समझौते

  •  पुनर्निर्माण को रफ्तार देने की पहल

दमिश्क। लंबे गृहयुद्ध के बाद पुनर्निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा रहे सीरिया ने सऊदी अरब के साथ विमानन, दूरसंचार और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन समझौतों में एक संयुक्त एयरलाइन शुरू करने और करीब एक अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश से दूरसंचार नेटवर्क के विकास जैसी योजनाएं शामिल हैं।

सीरियाई निवेश प्राधिकरण के प्रमुख तलाल अल-हिलाली ने बताया कि दोनों देशों की साझेदारी से एक कम लागत वाली संयुक्त एयरलाइन शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क मजबूत करना है। इसके साथ ही उत्तरी शहर अलेप्पो में 1.2 करोड़ सालाना यात्रियों की क्षमता वाला नया अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा विकसित करने और मौजूदा ढांचे के आधुनिकीकरण की योजना भी है।

दूरसंचार मंत्री अब्दुलसलाम हायकल ने ‘सिल्कलिंक’ नामक परियोजना के तहत डिजिटल कनेक्टिविटी और टेलीकॉम ढांचे के विस्तार की जानकारी दी। इस परियोजना में लगभग एक अरब डॉलर के निवेश का अनुमान है।

दोनों देशों ने जल विलवणीकरण और विकास सहयोग पर भी सहमति बनाई। सऊदी निवेश मंत्री खालिद अल-फालिह ने सीरिया में बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए एक निवेश कोष शुरू करने की घोषणा करते हुए इसे द्विपक्षीय “रणनीतिक साझेदारी” की दिशा में कदम बताया।

अमेरिका द्वारा 2025 के अंत में सीरिया पर बचे हुए प्रतिबंध हटाने के बाद विदेशी निवेश का रास्ता खुला है। हाल के महीनों में सीरिया ने खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ कई बड़े निवेश समझौते किए हैं।

हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल इन समझौतों का महत्व राजनीतिक संकेत के रूप में ज्यादा है, जबकि व्यापक पुनर्निर्माण के लिए और बड़े तथा प्राथमिकता वाले निवेश की जरूरत होगी। फिर भी, सीरिया के लिए ये समझौते युद्ध से प्रभावित अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

नेपाल के प्रधानमंत्री शाह और उनके मंत्रियों की संपत्ति भी जांच के दायरे में

काठमांडू। नेपाल के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों और उच्च पदस्थ सरकारी अधिकारियों की संपत्ति की …