काठमांडू। तीन दिवसीय नेपाल दौरे पर आए अमेरिकी दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक मंत्री पॉल कपूर ने मंगलवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नेपाल में व्यापार और निवेश बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के विषय में चर्चा हुई।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार सिंहदरबार में हुई इस बैठक में नेपाल–अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी बातचीत की गई।
नेपाल में बालेन्द्र शाह सरकार के गठन के बाद यहां दौरा करने वाले पहले उच्चस्तरीय कूटनीतिज्ञ हैं। सोमवार से शुरू हुआ उनका यह दौरा नई सरकार और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के साथ संबंधों को विस्तार देने की योजना के रूप में भी देखा जा रहा है। उन्होंने सोमवार को सत्तारूढ़ दल आरएसपी के अध्यक्ष रवि लामिछाने से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात में उन्होंने अमेरिका और नेपाल के बीच सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा की थी।
कपूर ने कहा था कि काठमांडू में मुलाकात कर खुशी हुई। नई सरकार में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की प्राथमिकताओं को समझने और अमेरिका–नेपाल सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करने का अवसर मिला। कपूर ने सोमवार दोपहर अमेरिकी उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ नेपाल के आईसीटी क्षेत्र में अमेरिकी व्यापारिक अवसरों के विस्तार पर भी चर्चा की।
दक्षिण एवं मध्य एशिया ब्यूरो के अनुसार इस चर्चा में डिजिटल अवसंरचना को मजबूत बनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग को बढ़ाने, साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने और अमेरिकी तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान के उपायों पर विचार किया गया।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
