-
कहा-केजी से लेकर पीजी तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिलेगी
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के अभनपुर और चंद्रपुर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में दोबारा से कांग्रेस सरकार बनने पर फिर किसानों का कर्जा माफ होगा।
उन्होंने कहा कि किसानों का कर्जा माफ करने के साथ-साथ केजी से लेकर पीजी तक बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिलेगी। 500 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी महिलाओं के खाते में जमा होगी। 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी और 17 लाख 50 हजार गरीब परिवारों को खुद का घर मिलेगा। पिछली बार चुनाव से पहले कांग्रेस ने जो वायदे किए थे, वह पूरे किए हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की। छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले। मुफ्त इलाज, सस्ती दवाई दी।
खड़गे ने कहा कि मणिपुर में हिंसा हो रही है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी एक बार भी मणिपुर नहीं गए। मोदी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। उन्हें केवल छत्तीसगढ़ में ईडी, सीबीआई और आईटी के लोगों को भेजने की चिंता रहती है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह छत्तीसगढ़ में आकर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं, झूठ बोलकर कांग्रेस को बदनाम करते हैं। उन्होंने कुछ ऐसा ही कर्नाटक में भी किया था, लेकिन कांग्रेस ने कर्नाटक में भाजपा की 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार वाली सरकार को हटा दिया। छत्तीसगढ़ में भी फिर से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
इस खबर को भी पढ़ेंः-कमलनाथ की सरकार उनके पाप के बोझ से गिरी : शिवराज सिंह चौहान
खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार देश की संपत्ति बेचने का काम कर रही है। केंद्र सरकार को गरीबों, आदिवासियों, एससी वर्ग की कोई चिंता नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह हर साल दो करोड़ नौकरियां देंगे, काला धन वापस लाएंगे, सभी को 15 लाख रुपये देंगे, किसानों की आमदनी दोगुनी करेंगे। कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। केंद्र की भाजपा सरकार सिर्फ विपक्ष की राज्य सरकारों को परेशान करने का काम करती है। छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से जो पैसा मिलना है, वो नहीं मिल रहा है।
खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार कुछ बड़े-बड़े उद्योगपतियों की मदद करती है। लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं करती। केंद्र में यूपीए सरकार ने 72 हजार करोड़ किसानों का कर्ज माफ किया था। भाजपा कहती है कि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया। अगर कांग्रेस 70 साल में कुछ नहीं किया होता तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते। कांग्रेस ने इस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाया, इसलिए मोदी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। कांग्रेस मनरेगा लाई, खाद्य सुरक्षा कानून लाई। कांग्रेस ने बच्चों की पढ़ाई के लिए काम किया। बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। कांग्रेस नेताओं ने देश के लिए बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित चार राज्यों में से तीन में ओबीसी मुख्यमंत्री हैं। छत्तीसगढ़, राजस्थान और कर्नाटक में कांग्रेस के ओबीसी मुख्यमंत्री हैं। केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराई जाएगी। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
