न्यूयॉर्क। अमेरिका की दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को खेल की ड्रग-टेस्टिंग संस्था इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) ने 22 फरवरी से दोबारा टेनिस खेलने के लिए पात्र सूचीबद्ध किया है। हालांकि, 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन महिला टूर में वापसी करेंगी या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
44 वर्षीय सेरेना ने पिछले साल के अंत में टेनिस एंटी-डोपिंग टेस्टिंग पूल में दोबारा शामिल होकर अटकलों को हवा दी थी। हालांकि, उस समय उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि इसका मतलब खेल में वापसी की तैयारी नहीं है। सेरेना ने करीब दो दशकों तक महिला टेनिस पर अपना दबदबा कायम रखा।
पिछले महीने एनबीसी के लोकप्रिय शो ‘टुडे’ में उपस्थिति के दौरान जब उनसे संभावित वापसी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया, जिससे चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गईं। महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) ने इस मुद्दे पर सामान्य कार्य समय के बाहर पूछे गए सवालों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सेरेना विलियम्स ने अपना आखिरी ग्रैंड स्लैम एकल खिताब 2017 में जीता था। इसके बाद उन्होंने 2022 यूएस ओपन के बाद से किसी भी पेशेवर मुकाबले में हिस्सा नहीं लिया है।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
