कैनबरा। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया टूर के अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर-21 टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला कैनबरा के नेशनल हॉकी सेंटर में शुक्रवार को खेला गया। भारत के लिए लक्षंतलुआंगी (47′) और सोनम (54′) ने गोल किए, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से बियांका ज़ुरर (36′), एवी स्रांसबी (45′) और सैमी लव (59′) ने गोल किए।
पहला हाफ गोल रहित रहा, क्योंकि दोनों टीमों ने कड़ी टक्कर में गोल करने में सफलता नहीं पाई। 36वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बियांका ज़ुरर के गोल से बढ़त बनाई। इसके बाद 45वें मिनट में एवी स्रांसबी के पेनल्टी कॉर्नर गोल से ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त को और मजबूत किया।
चौथे क्वार्टर में भारत ने वापसी की और दो महत्वपूर्ण गोल करके बराबरी बनाई। पहले 47वें मिनट में लक्षंतलुआंगी ने पेनल्टी कॉर्नर का गोल किया और अंतर कम किया, उसके बाद 54वें मिनट में सोनम ने फील्ड गोल कर खेल को फिर से बराबरी पर ला दिया।
हालांकि, मैच के समाप्ति से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की सैमी लव ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करके टीम को 3-2 से आगे कर दिया और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
