नई दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी बिशन सिंह बेदी का सोमवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। दो सप्ताह पूर्व उनकी दिल्ली के एक अस्पताल में सर्जरी हुई थी और वे तभी से अस्पताल में थे।
बिशन सिंह के बाद उनके परिवार में बेटा अभिनेता अंगद बेदी और बहु नेहा धूपिया हैं। बेदी ने 1967 और 1979 के बीच भारत के लिए 67 टेस्ट और 10 वनडे मैच खेले थे। उनकी गिनती दुनिया के बेहतरीन बाएं हाथ के स्पिनर के तौर पर होती है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान और मैदान पर उनकी कलात्मकता को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और पूरे क्रिकेट समुदाय के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।
बिशन सिंह बेदी को निधन क्रिकेट जगत के लिए बहुत बड़ा नुकसान : अनुराग ठाकुर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और फिरकी गेंदबाज बिशन सिंह बेदी के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनका निधन क्रिकेट जगत के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। यह एक दुखद समाचार है। क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में और क्रिकेट के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिशन सिंह बेदी का क्रिकेट के क्षेत्र में एक बहुत बड़ा योगदान रहा है। बेदी ने भारतीय क्रिकेट का अनुराग ने कहा कि पूरा क्रिकेट जगत उनके निधन से शोक में है। उन्होंने दिवंगत बिशन सिंह बेदी के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि पूरा क्रिकेट जगत उनके साथ खड़ा है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि जब धर्मशाला में क्रिकेट मैदान बन रहा था तो वह काफी समय धर्मशाला में रहे। हिमाचल की बात करें तो उन्होंने बहुत सारे कैंप भी यहां लगाए। भारतीय ड्रैसिंग रूम में ही वह ठहरते रहे। मैदान में रहते थे और खिलाड़ियों के साथ समय व्यतीत करते थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी सादगी और क्रिकेट के प्रति उनका लगाव पूरा देश हमेशा याद रखेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
