भुवनेश्वर, श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद भारत की अंडर-20 राष्ट्रीय फुटबॉल टीम सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप के अपने अगले मुकाबले में नेपाल का सामना करेगी। यह मैच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आज शाम 7 बजे शुरू होगा।
इस मुकाबले से पहले मुख्य कोच वेंकटेश शनमुगम ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ 4-0 की जीत ने टीम को काफी आत्मविश्वास प्रदान किया है। हालांकि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा कि मैच जीतना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। अच्छे अंतर से जीतना खिलाड़ियों को यह विश्वास दिलाता है कि वे प्रतिद्वंद्वी गढ़ों को तोड़ सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि हम अगले गेम में भी उसी मानसिकता को आगे बढ़ा सकते हैं।
मुख्य कोच ने कहा कि यह सिर्फ पहली जीत है। यह श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन था, लेकिन अब हमें नेपाल और मालदीव के खिलाफ अगले दो मैचों पर ध्यान देने की जरूरत है। निश्चित रूप से यह परिणाम लड़कों को काफी आत्मविश्वास देगा और वे अगले गेम में एक मजबूत मानसिकता के साथ आ सकते हैं।
कोच शनमुगम को लगता है कि आने वाले मैच में भारत और नेपाल के बीच काफी करीबी मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि अगला गेम हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और लड़के इसे जानते हैं। यह एक कठिन खेल है और नेपाल ने दिखाया है कि वे एक बहुत अच्छी टीम है। दोनों टीमें काफी करीब हैं। यह फिर से एक कठिन खेल होने जा रहा है, लेकिन हमें अपना खेल खेलने और काम पूरा करने की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि सैफ अंडर-20 चैंपियनशिप में अब तक नेपाल का अच्छा प्रदर्शन रहा है। उसने अपने पहले दो मैचों में मालदीव को 4-0 और श्रीलंका को 3-0 से हराया।
साभार -हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
