नई दिल्ली, टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा आज अपना 24वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रशंसकों से लेकर खेल जगत ने सोशल मीडिया पर नीरज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
इस साल टोक्यो ओलंपिक में, नीरज अभिनव बिंद्रा के बाद केवल दूसरे भारतीय व्यक्तिगत स्वर्ण पदक विजेता बने। वह एथलेटिक्स में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय ओलंपियन भी बने। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने ट्वीट किया, “आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई चैंपियन नीरज चोपड़ा। आपको आने वाले वर्ष के लिए शुभकामनाएं।”
लंदन 2012 के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने फेसबुक पर लिखा, “ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और भारत के प्रिय, छोटे भाई नीरज चोपड़ा को जन्मदिन की शुभकामनाएं।”
टोक्यो ओलंपियन पहलवान सोनम मलिक ने ट्विटर पर लिखा, “नीरज चोपड़ा सर को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।” वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता आकाश कुमार ने ट्वीट किया, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं नीरज चोपड़ा सर।”
नीरज वर्तमान में अमेरिका के कैलिफोर्निया में चुला विस्टा एलीट एथलीट ट्रेनिंग सेंटर में ऑफ-सीजन प्रशिक्षण कर रहे हैं। वह वर्तमान में प्रतिष्ठित प्रशिक्षण केंद्र में 2022 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों की तैयारी कर रहे हैं।
साभार-हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
