-
16 सौ से ज्यादा कलाकार होंगे शामिल
-
पीएचडी मैदान में तैयारी आरंभ

संबलपुर। प्रत्येक साल की भांति इस साल भी संबलपुर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। स्थानीय पीएचडी मैदान में आगामी 8 दिसंबर से महोत्सव प्रारंभ होगा और 15 दिसंबर तक चलेगा। गुरूवार की शाम पीएचडी मैदान में बुलाए गए प्रेस कांफ्रेंस में महोत्सव आयोजन कमेटी के सदस्यों ने यह जानकारी दी। उपस्थित पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की विलुप्त होती जा रही लोक संस्कृति की सुरक्षा एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य ये संबलपुर महोत्सव का आयोजन पिछले कुछ सालों से किया जा रहा है। प्रत्येक साल की भांति इस साल भी महोत्सव में संबलपुरी समेत ओडिशा के विभिन्न इलाकों के लोकगीत एवं लोकनृत्य के साथ-साथ लोकसंगीत को महोत्सव में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही महोत्सव को आकर्षक बनाने हेतु देश के विभिन्न प्रांतों के लोक कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। महोत्सव सुबह आठ बजे से आरंभ होगा और रात के दस बजे तक चलता रहेगा। आईआईएम संबलपुर के निदेशक प्रोफेसर महादेव प्रसाद जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि इस महोत्सव का उदघाटन करेंगे। साथ ही महोत्सव के अन्य दिनों में भी अंचल के नामचीन लोगों को बतौर अतिथि मंच पर आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबलपुर महोत्सव में लगभग 1600 कलाकारों का समागम होगा। महोत्सव के आयोजन हेतु कुल 17 लाख रूपए का बजट निर्धारित किया गया है। अंत में उन्होंने शहर के लोगों से इस आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया। प्रेस कांफ्रेंस में महोत्सव आयोजन कमेटी के सपन मिश्र, भक्त प्रसाद नंद, मानस षडंगी, गोलक बिहारी मिश्र, जयकृष्ण बेहेरा एवं मोहम्मद परवेज समेत आयोजन कमेटी के अनेकों पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
