-
2025-26 सत्र में 16 हजार से अधिक सीटें अब भी रिक्त
भुवनेश्वर। ओडिशा के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए लगभग 30 प्रतिशत सीटें अब भी खाली हैं। यह जानकारी कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद स्वाईं ने दी।
मंत्री ने विधानसभा को बताया कि राज्य के 72 सरकारी और 395 निजी आईटीआई में कुल 53,812 सीटों की क्षमता है, जिनमें अब तक केवल 37,175 छात्रों ने प्रवेश लिया है। इसके कारण 16,600 से अधिक सीटें अभी भी रिक्त पड़ी हैं।
शुक्रवार को विधानसभा में सिमुलिया के विधायक पद्मलोचन पंडा के प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री स्वैन ने कम नामांकन पर चिंता व्यक्त की और छात्र भागीदारी बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आईटीआई छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कई उद्योग-सम्बद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें सेंट्रल टुल रुम एंड ट्रेनिंग सेंटर भुवनेश्वर द्वारा संचालित मिनी टूल रूम कार्यक्रम शामिल है। इसके अलावा स्किंडर इलेक्ट्रिक के सहयोग से सोलर टेक्नीशियन, इलेक्ट्रिशियन इंस्टॉलेशन और इलेक्ट्रिकल हाउसिंग ऑटोमेशन जैसे विशेष पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उन्नत वर्चुअल वेल्डिंग के लिए एक्सआर लैब भी स्किलवेरी के साथ साझेदारी में स्थापित की गई है।
मंत्री ने आगे बताया कि राज्य सरकार कई आईटीआई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब स्थापित करने और पीएम सेतु तथा उत्कर्ष आईटीआई के तहत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य छात्रों को उन्नत कौशल प्रशिक्षण और उद्योग मानकों के अनुरूप शिक्षा प्रदान करना है, ताकि उनकी रोजगार क्षमता बढ़ सके और वे उभरते रोजगार अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
