-
भुवनेश्वर-धनबाद और पुरी-पटना की दो विशेष रेल सेवाओं को नियमित किया गया
-
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को पत्र लिखकर दी जानकारी
-
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया
भुवनेश्वर। ओडिशा में रेल संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ओडिशा को असम और तेलंगाना से जोड़ने के लिए एक नई अमृत भारत ट्रेन सेवा शुरू करने की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही भुवनेश्वर-धनबाद और पुरी-पटना के बीच चल रही दो स्पेशल ट्रेनों को नियमित ट्रेन सेवा में बदल दिया गया है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को पत्र लिखकर जानकारी दी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ओडिशा के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेल मंत्री से चर्चा कर अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था।
जानकारी के अनुसार, नई अमृत भारत ट्रेन असम के कामाक्षा और तेलंगाना के चार्लापली (सिकंदराबाद) के बीच चलेगी। यह ट्रेन ओडिशा के बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर केन्दुझर रोड कटक, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड बालुगां और ब्रह्मपुर होते हुए गुजरेगी।
इसके अलावा, 18403/18404 भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल ट्रेन को नियमित कर दिया गया है। यह ट्रेन धनबाद पहुंचने से पहले कटक, ढेंकानाल, तालचेर रोड, अनुगूल, रेढ़ाखोल, संबलपुर सिटी, झारसुगुड़ा और राउरकेला स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
इसी तरह 08439/08440 पुरी-पटना स्पेशल ट्रेन को भी नियमित ट्रेन सेवा में परिवर्तित कर दिया गया है। यह ट्रेन पटना पहुंचने से पहले खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जाजपुर केन्दुझर रोड, भद्रक और बालेश्वर स्टेशनों से होकर चलेगी। राज्य में रेल संपर्क को उल्लेखनीय रूप से मजबूत बनाने के लिए इन ट्रेन सेवाओं की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
