-
चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान से लोग परेशान
-
तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
-
आईएमडी का कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट
-
24 घंटे में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ने का अनुमान
भुवनेश्वर। ओडिशा में मार्च महीने में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना है।
आईएमडी ने शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर, भद्रक और सुंदरगढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसी तरह 15 मार्च को मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर और भद्रक जिलों तथा 16 मार्च को मयूरभंज, केंदुझर, बालेश्वर, भद्रक, सुंदरगढ़, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर जिलों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
झारसुगुड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा
पिछले 24 घंटों में झारसुगुड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद टिटिलागढ़ में 38.4 डिग्री, सुंदरगढ़, किरेई, तालचेर और नुआपड़ा में 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ढेंकानाल में 37.9 डिग्री, भवानीपटना में 37.5 डिग्री, हिराकुद में 37.4 डिग्री और सोनपुर में 37 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी भुवनेश्वर में तापमान 35 डिग्री
राजधानी भुवनेश्वर और कटक में तापमान क्रमशः 35 डिग्री और 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मयूरभंज, केंदुझर और भद्रक के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। इसके अलावा गुरुवार सुबह ढेंकानाल में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई, जबकि भुवनेश्वर में मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
