Home / Odisha / हरि प्लास्ट को 5-3 से हराकर पश्चिम बंगाल पुलिस बनी चैंपियन
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

हरि प्लास्ट को 5-3 से हराकर पश्चिम बंगाल पुलिस बनी चैंपियन

  •   हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में लहराया परचम

बालेश्वर। हिमांशु हरि फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बालेश्वर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में बालेश्वर की हरि प्लास्ट और बैरकपुर स्थित पश्चिम बंगाल पुलिस स्पोर्ट्स क्लब के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें पेनाल्टी शूटआउट में पश्चिम बंगाल पुलिस ने हरि प्लास्ट को 5-3 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मैच एवं समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अल विट चुनहा, फाल्कन ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रभंजन पटनायक, राष्ट्रीय मानवाधिकार फेडरेशन के ओडिशा प्रमुख आलोक रंजन पृष्टि, फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ ओडिशा के उपाध्यक्ष पद्म लोचन लेंका तथा बालेश्वर जिला क्रीड़ा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अभय महापात्र सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने बालेश्वर के किम्बदंती व्यक्तित्व स्वर्गीय हिमांशु दास की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट को खेल जगत के लिए एक सराहनीय पहल बताया।

फाउंडेशन के चेयरमैन एवं युवा उद्योगपति संजय दास ने टूर्नामेंट की अवधारणा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जबकि वाइस चेयरमैन एवं हरि प्लास्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर संग्राम दास ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर बालेश्वर के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी गोपाल चंद्र सेठी, रमेश चंद्र मल्लिक, निरोद महांती और आशीष मंडल को सम्मानित किया गया।

मैच से पूर्व अतिथियों द्वारा दोनों टीमों के खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों का परिचय कराया गया। राष्ट्रीय गान के बाद पीली जर्सी में हरि प्लास्ट और सफेद जर्सी में पश्चिम बंगाल पुलिस मैदान में उतरी। मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। पहले हाफ में दोनों टीमों को कई अवसर मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं हो सका।

दूसरे हाफ में हरि प्लास्ट ने दबाव बनाते हुए कई मौके बनाए, लेकिन गोल करने में असफल रही। मैच के 85वें मिनट में हरि प्लास्ट के डी-बॉक्स में फाउल के कारण पश्चिम बंगाल पुलिस को पेनाल्टी मिली, जिसे 19 नंबर जर्सीधारी राजीव दत्त ने सफलतापूर्वक गोल में बदला। इसके जवाब में 90वें मिनट में पश्चिम बंगाल पुलिस के डी-बॉक्स में फाउल होने पर हरि प्लास्ट के 11 नंबर जर्सीधारी ऑगस्टिन ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 रहने के कारण मैच का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से किया गया।

पेनाल्टी शूटआउट में हरि प्लास्ट की ओर से छोटू मुर्मू और अमन खालको गोल करने में सफल रहे, जबकि पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से सुब्रत विश्वास, आदित्य थापा, रतन मांडी और लव हांसदा ने गोल दागे। अंततः पश्चिम बंगाल पुलिस ने 5-3 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की।

मैच में शिव शंकर पंडा ने रेफरी, सुजीत कुमार पात्र और उत्कल मणि बेहेरा ने सहायक रेफरी तथा दिलीप कुमार राउत ने चौथे रेफरी की भूमिका निभाई।

पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिम बंगाल पुलिस के लव हांसदा को ‘बेस्ट स्कोरर’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’, हरि प्लास्ट के विकी तिर्की को ‘बेस्ट गोलकीपर’ तथा हरि प्लास्ट के ऑगस्टिन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से सम्मानित किया गया। चैंपियन पश्चिम बंगाल पुलिस टीम को ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता हरि प्लास्ट टीम को ट्रॉफी और 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सचिव सुजय आचार्य, सह-सचिव राजेश महापात्र एवं अभ्युदय दास सहित बालेश्वर जिला क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों और अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …