-
वापसी के दिए संकेत, कांग्रेस में नई उम्मीद
-
समर्थकों से बोले-जनता चाही तो फिर लड़ूंगा चुनाव
-
पिछले चुनाव में हार की जिम्मेदारी स्वीकार
भुवनेश्वर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश राउतराय ने आगामी चुनावों को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा है कि वह जटनी विधानसभा सीट से दोबारा चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। समर्थकों से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनता चाहेगी तो वह चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस की जटनी में वापसी संभव है।
सुरेश राउतराय ने स्वीकार किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी गैरमौजूदगी का खामियाजा कांग्रेस को हार के रूप में भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि वह मैदान में होते तो परिणाम अलग हो सकता था।
जनसंपर्क और स्थानीय कार्यक्रमों में सक्रिय
उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस एक बार फिर जटनी में अपनी पकड़ मजबूत करेगी। राउतराय ने कहा कि वह लगातार लोगों से संवाद कर रहे हैं और स्थानीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे पार्टी को मजबूती मिल रही है।
संगठन और संसाधनों के दम पर जीत का दावा
कांग्रेस की ताकत गिनाते हुए सुरेश राउतराय ने कहा कि पार्टी के पास मजबूत संगठन और पर्याप्त वित्तीय संसाधन हैं। उन्होंने दावा किया कि हमारे पास संगठन है, हमारे पास संसाधन हैं और हम चुनाव जीतेंगे।
राजनीति में हलचल, कांग्रेस में नया जोश
सुरेश राउतराय के इस बयान के बाद ओडिशा की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि उनकी संभावित वापसी से जटनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। उनके संकेत पार्टी की सीट वापस पाने की रणनीति और क्षेत्र में संगठन को फिर से मजबूत करने की दिशा में अहम माने जा रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
