-
प्रसार भारती और आमिर खान प्रोडक्शंस की संयुक्त पहल
-
मयूरभंज के आदिवासी गांव से राष्ट्रपति भवन तक की प्रेरक यात्रा होगी चित्रित
भुवनेश्वर। ओडिशा के सुदूर आदिवासी इलाके से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रेरणादायक जीवन यात्रा अब डॉक्यूमेंट्री फिल्म के रूप में सहेजी जा रही है। प्रसार भारती की पहल पर आमिर खान प्रोडक्शंस के सहयोग से इस विशेष डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया जा रहा है, जिसका अस्थायी शीर्षक “मयूरभंज के आदिवासी अंचल से राष्ट्रपति भवन तक” रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग पिछले कई महीनों से जारी है। मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव सहित राष्ट्रपति के पैतृक क्षेत्र और उनके ससुराल पहाड़पुर से जुड़े विभिन्न स्थलों पर फिल्मांकन किया गया है। हाल ही में राष्ट्रपति के छह दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान भी उच्च गुणवत्ता वाले कैमरा और साउंड उपकरणों से उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड किया गया, जो 7 फरवरी को संपन्न हुआ।
संघर्ष, साधना और सफलता की कहानी
डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन के हर महत्वपूर्ण पड़ाव को विस्तार से दिखाने की योजना है। इसमें संथाल आदिवासी परिवार में जन्म, सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा, निजी जीवन में बड़े पारिवारिक दुखों को सहना, शिक्षक से जनप्रतिनिधि बनने तक का सफर और वर्ष 2022 में देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति के रूप में ऐतिहासिक चुनाव को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा। वर्ष 1958 में मयूरभंज जिले के एक छोटे से गांव में जन्मी द्रौपदी मुर्मू अपने समुदाय से इस पद तक पहुंचने वाली पहली शख्सियत हैं।
स्थानीय लोगों की भी होगी भागीदारी
तलाफोखरी की सरपंच रुक्मिणी मुर्मू ने बताया कि पहाड़पुर क्षेत्र के विकास और राष्ट्रपति से जुड़े पहलुओं की शूटिंग पिछले एक वर्ष से अलग-अलग चरणों में की जा रही है।
दुर्लभ फुटेज और साक्षात्कार होंगे शामिल
सूत्रों के मुताबिक, डॉक्यूमेंट्री में दुर्लभ अभिलेखीय फुटेज, उनके प्रारंभिक जीवन से जुड़े लोगों के साक्षात्कार और उन अनुभवों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को आकार दिया। यह फिल्म न केवल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन संघर्ष को सामने लाएगी, बल्कि देशभर के युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
