Home / Odisha / विकसित ओडिशा-2036 के लक्ष्य में सहभागी बनें मारवाड़ी युवा-युवतियां : संजय लाठ

विकसित ओडिशा-2036 के लक्ष्य में सहभागी बनें मारवाड़ी युवा-युवतियां : संजय लाठ

  •  मारवाड़ भवन में गणतंत्र दिवस समारोह मना

भुवनेश्वर। मारवाड़ी सोसाइटी, भुवनेश्वर के अध्यक्ष संजय लाठ ने मारवाड़ी समाज के युवा-युवतियों से विकसित ओडिशा-2036 के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय न्योक्ता बनने की सोच अपनाने और उद्यमिता के जरिए रोजगार सृजन पर जोर दिया।

भुवनेश्वर स्थित मारवाड़ भवन में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष संजय लाठ ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण के बाद संबोधित करते हुए कहा कि मारवाड़ी समाज की पहचान मेहनत, व्यापारिक कौशल और आत्मनिर्भरता रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विकसित ओडिशा-2036 का सपना देखा है। यह लक्ष्य तभी साकार हो सकता है जब समाज के युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसके लिए शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्टार्टअप संस्कृति और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर ध्यान देना जरूरी है।

संजय लाठ ने समाज में एकता और सहयोग की भावना को और मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि मारवाड़ी सोसाइटी, भुवनेश्वर सभी घटक संगठनों के लिए एक साझा मंच है। उन्होंने मारवाड़ भवन को समाज के सभी संगठनों के लिए उपयोग में लाने की बात दोहराई और इसके नवीनीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न घटक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अध्यक्ष के विचारों का समर्थन करते हुए समाज और राज्य के विकास में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …