Home / Odisha / खंडगिरि कुम्भ मेला का शुभारंभ
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

खंडगिरि कुम्भ मेला का शुभारंभ

  •     माघ सप्तमी पर भुवनेश्वर में शुरू हुआ ऐतिहासिक धार्मिक महोत्सव

  •     खंडगिरि की तलहटी में साधुओं का डेरा

भुवनेश्वर। माघ सप्तमी के पावन अवसर पर रविवार 25 जनवरी को भुवनेश्वर के खंडगिरि में ऐतिहासिक खंडगिरि कुम्भ मेला का विधिवत शुभारंभ हो गया। इसके साथ ही राज्यभर और देश के विभिन्न हिस्सों से नागा साधु, संत-महात्मा और श्रद्धालु खंडगिरि पहुंचने लगे हैं। यह धार्मिक मेला नौ दिनों तक चलेगा।

खंडगिरि पहाड़ियों की तलहटी में मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। साधु-संत अपने-अपने अखाड़ों और शिविरों की स्थापना में जुट गए हैं। कई साधुओं को क्षेत्र की साफ-सफाई करते और धूनी तैयार करते देखा गया। स्थानीय प्रशासन की ओर से साधुओं और श्रद्धालुओं की ठहरने, सुरक्षा और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

अनुष्ठानों के साथ नौ दिवसीय मेले की शुरुआत

मेले के पहले दिन विभिन्न पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। साधु-संतों द्वारा आकाश गंगा में पवित्र स्नान किया जाएगा, जिसके बाद खण्डा खिरी अर्पण की परंपरा निभाई जाएगी। इसके पश्चात कलश जात्रा के माध्यम से वार्षिक मेले का औपचारिक उद्घाटन होगा।

नौ दिनों तक धार्मिक आयोजन

खंडगिरि कुम्भ मेला के दौरान नौ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, आध्यात्मिक प्रवचन, साधु-संतों की साधना,  परंपरागत पूजा-पाठ का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

धार्मिक और ऐतिहासिक है महत्व

माघ मेला अथवा भुवनेश्वर का कुम्भ मेला कहलाने वाला यह आयोजन ओड़िया पंचांग के माघ मास में प्रतिवर्ष आयोजित होता है। यह मेला खंडगिरि और उदयगिरि की प्राचीन गुफाओं के समीप लगता है, जिनका ऐतिहासिक, पुरातात्त्विक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत विशेष है। यह मेला विशेष रूप से भगवान शिव के भक्तों के लिए अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।

पौराणिक मान्यता से जुड़ा मेला

हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को कोढ़ रोग से मुक्ति तब मिली, जब उन्होंने चंद्रभागा में स्नान कर खंडगिरि-उदयगिरि पहाड़ियों पर सूर्य देव की उपासना और तपस्या की थी। इसी पावन घटना की स्मृति में इस मेले का आयोजन होता है।

मेला समिति ने साझा किया कार्यक्रम

खंडगिरि कुम्भ मेला समिति के अध्यक्ष रघुनाथ मोहंती ने बताया कि पूर्णाहुति के बाद साधु-संत औपचारिक रूप से मेले में भाग लेंगे। अगले दिन हमारे गांव से भगवान जगन्नाथ अनंत गुफा में पधारेंगे। इसी क्रम में नौ दिनों तक जात्रा चलती रहेगी।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मेले के शांतिपूर्ण और सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …