Home / Odisha / गोपालपुर बीच महोत्सव में इतिहास रचने की तैयार
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

गोपालपुर बीच महोत्सव में इतिहास रचने की तैयार

  •     वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का व्यापक प्रयास हुआ तेज

  •     गोपालपुर को वैश्विक तटीय पर्यटन केंद्र बनाने का लक्ष्य

  •     संस्कृति, पर्यटन, खेल, अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का संगम बनेगा महोत्सव : मंत्री विभूति भूषण

ब्रह्मपुर। 27 से 30 जनवरी तक आयोजित होने वाला गोपालपुर बीच महोत्सव इस वर्ष अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यह जानकारी वाणिज्य एवं परिवहन, खान एवं इस्पात मंत्री विभूति भूषण जेना ने गोपालपुर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

मंत्री विभूति भूषण जेना ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, जनभागीदारी, पर्यटन प्रोत्साहन, खेल गतिविधियों, अध्यात्म और पर्यावरण संरक्षण का समन्वित उत्सव है। इसके माध्यम से गोपालपुर को एक आकर्षक वैश्विक तटीय पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि चार दिवसीय महोत्सव के दौरान गंजाम जिले की प्रतिष्ठित विभूतियों के नाम पर मंच स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय विरासत को सम्मान मिलेगा।

राज्यपाल करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री करेंगे समापन

महोत्सव का उद्घाटन माननीय राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे। इन चार दिनों में कई मंत्री, सांसद, विधायक और गंजाम जिले के जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश

प्रेस वार्ता के बाद मंत्री विभूति भूषण जेना ने गोपालपुर समुद्र तट का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे।

प्रशासन और पुलिस की पुख्ता व्यवस्था

जिला कलेक्टर वी कीर्ति वासन ने मीडिया को बताया कि जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं ब्रह्मपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ सरवण विवेक एम ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर की गई विस्तृत तैयारियों की जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

पूर्व-उत्सव गतिविधियों से बनेगा जनउत्साह

महोत्सव से पहले लोगों में उत्साह और सहभागिता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गोपालपुर जंक्शन से लेकर समुद्र तट तक हरित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया जा रहा है। 24 जनवरी को पूरे गंजाम तट पर व्यापक तटीय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सरकारी अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन और आम नागरिक मिलकर भाग लेंगे। इसके अगले दिन 25 जनवरी को मेगा मैराथन का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में धावकों के शामिल होने की उम्मीद है।

मशाल रैली और समुद्र तट पर सी आरती

27 जनवरी को सुबह विभिन्न शक्तिपीठों से निकलने वाली मशाल रैली धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों से होते हुए गोपालपुर पहुंचेगी। इसी दिन समुद्र तट पर सी आरती, लेजर शो और पतंग उड़ान जैसे आकर्षक आयोजन महोत्सव को विशेष भव्यता प्रदान करेंगे।

पहली बार तीन दिवसीय बीच स्पोर्ट्स का आयोजन

इस वर्ष पहली बार गोपालपुर बीच महोत्सव के दौरान तीन दिवसीय बीच स्पोर्ट्स का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बीच फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, योग, कराटे और अन्य मनोरंजक खेल शामिल होंगे। खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ सम्मानित किया जाएगा, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

पल्लीश्री मेला और व्यंजन उत्सव बनेगा आकर्षण

महोत्सव के दौरान भव्य पल्लीश्री मेला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प, हथकरघा, उद्योगों और स्थानीय व्यापारियों के उत्पाद प्रदर्शित होंगे। इसके साथ ही ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों के लिए फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

लोककला, लोकनृत्य और स्टार नाइट्स

गंजाम की पारंपरिक लोककलाओं के साथ-साथ ओडिशा और अन्य राज्यों के प्रसिद्ध लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां महोत्सव की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रसिद्ध कलाकारों के साथ स्टार नाइट्स का आयोजन किया जाएगा। 29 जनवरी को विशेष ‘ओलीवुड नाइट’ आयोजित होगी, जिसमें ओड़िया सिनेमा के नामचीन कलाकार मंच साझा करेंगे।

सुरक्षा और समन्वय पर विशेष जोर

महोत्सव के सुचारू संचालन के लिए पुलिस, अग्निशमन सेवा, निर्माण विभाग और राजस्व प्रशासन के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। गोपालपुर बीच महोत्सव इस वर्ष न केवल ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा, बल्कि राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होने जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …