Home / Odisha / ओडिशा में 3,325 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की बड़ी घोषणा

ओडिशा में 3,325 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की बड़ी घोषणा

  •    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 891 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

  •     कलाहांडी घुमुरा महोत्सव 2026 का भव्य समापन

भवानीपाटणा। कलाहांडी घुमुरा महोत्सव 2026 के भव्य समापन समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कलाहांडी को ओडिशा के सबसे जीवंत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जिलों में से एक बताते हुए कहा कि यह जिला भावना, साहस, संघर्ष और आत्मगौरव का प्रतीक है। घुमुरा की थाप के बीच विकास और संस्कृति के संगम का साक्षी बना यह आयोजन कालाहांडी के लिए नए युग की शुरुआत का संदेश लेकर आया।

891 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कलाहांडी जिले में कुल 3,612 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिनकी कुल लागत 891.39 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के माध्यम से बुनियादी ढांचे, ग्रामीण विकास, पेयजल, सड़क, शिक्षा और जनसुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते डेढ़ वर्ष में ही जिले में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं शुरू की जा चुकी हैं, जो कालाहांडी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।

सिंचाई और कृषि विकास को नई गति

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सिंचाई और कृषि क्षेत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि 3,325 करोड़ की लागत वाली उतेई राउल सिंचाई परियोजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही कालाहांडी से नबरंगपुर तक के क्षेत्र को कपास उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बेलगांव अंतर्नदी जलाशय परियोजना और सांडुल बैराज के कार्यों को समय पर पूरा करने का भी भरोसा दिलाया।

संस्कृति और विकास का संगम

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घुमुरा महोत्सव की विशेष स्मारिका कालाझरणा का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्य सचेतक सरोज कुमार प्रधान, कलाहांडी सांसद मालविका देवी, राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार और स्थानीय विधायकों ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने सरकार के संतुलित विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और औद्योगिक विस्तार की नीति की सराहना करते हुए कहा कि कलाहांडी अब पिछड़ेपन की पहचान से आगे बढ़कर विकास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन रहा है।

घुमुरा की गूंज के साथ विकास की यह घोषणा कलाहांडी के लिए नए आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …