-
अलमारियों में भरे मिले 500 के बंडल
-
बीजद नेता के आवास समेत 25 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी
ब्रह्मपुर। गंजाम जिले में अवैध रेत खनन और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.5 करोड़ रुपये नकद जब्त किया है। यह रकम बड़ी-बड़ी अलमारियों में भरकर रखी गई थी, जिसमें हर बंडल में 500 रुपये के नोट पाए गए।
ईडी की यह कार्रवाई बीजद नेता हृषिकेश पाढ़ी के आवास समेत जिले के कई अन्य ठिकानों पर की गई। अधिकारियों ने अवैध रेत और शराब कारोबार से जुड़े प्रभावशाली माफिया नेटवर्क के खिलाफ लगभग 25 अलग-अलग स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
नदियों से अवैध रेत खनन
जांच में सामने आया है कि रेत माफिया वर्षों से ऋषिकुल्या, बाहुड़ा और बड़नदी जैसी नदियों से अवैध रूप से रेत का खनन कर रहे थे। इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। ईडी सूत्रों के अनुसार, यह पूरा अवैध साम्राज्य लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
सीएजी रिपोर्ट के आधार पर शुरू हुई कार्रवाई
ईडी की यह कार्रवाई हाल ही में सामने आई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में उजागर हुई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई। रिपोर्ट में अवैध रेत खनन और उससे जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का उल्लेख किया गया था।
अवैध शराब कारोबार के भी सबूत मिले
छापेमारी के दौरान ईडी को अवैध देशी शराब कारोबार से जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं। जांच में पता चला है कि रेत माफिया गंजाम जिले में अवैध शराब इकाइयों का संचालन भी कर रहे थे।
फर्जी वाई-फॉर्म और नीलामी में हेरफेर का खुलासा
तलाशी अभियान में फर्जी वाई-फॉर्म, अवैध रेत परिवहन और नीलामी प्रक्रिया में हेरफेर के प्रमाण भी सामने आए हैं। इस पूरे सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड बीजद नेता कृपासिंधु मुदुली को बताया जा रहा है।
दस्तावेज, महंगी गाड़ियां और संपत्ति के कागजात जब्त
राज्यभर में की गई छापेमारी के दौरान ईडी ने करोड़ों रुपये मूल्य के संपत्ति दस्तावेज, जमीन के कागजात और कई लग्जरी वाहन भी जब्त किए हैं।
नकदी के स्वामित्व की जांच जारी
ईडी अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई नकदी के वास्तविक स्वामित्व की जांच की जा रही है। अभी तक एजेंसी ने अंतिम आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन विस्तृत सत्यापन प्रक्रिया जारी है।
ओडिशा के अन्य जिलों तक फैली कार्रवाई
यह कार्रवाई केवल गंजाम तक सीमित नहीं रही। ईडी ने भुवनेश्वर और कटक समेत करीब 20 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। एजेंसी का कहना है कि अवैध रेत खनन और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों की जांच आगे भी जारी रहेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
