Home / Odisha / राजधानी में मकर का उल्लास, शिशिर सारस मेले में पतंग उत्सव
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

राजधानी में मकर का उल्लास, शिशिर सारस मेले में पतंग उत्सव

  •     14 जनवरी को ‘काइट शो’, 15 को पतंग उड़ाने की प्रतियोगिता

  •     मकर पर्व की खुशियां गांव-गांव तक पहुंचेंगी : मंत्री रवि नारायण नायक

  •     ‘मिनी इंडिया फेयर’ में असम का बिहू लोकनृत्य भी होगा आकर्षण

भुवनेश्वर। मकर संक्रांति के अवसर पर पतंग उड़ाने की पारंपरिक लोकपरंपरा, आनंद और उत्सव के माहौल को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से ओडिशा रूरल डेवलपमेंट एंड मार्केटिंग सोसाइटी और सुभद्रा शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में ‘शिशिर सारस–2026’ मेले में बुधवार को एक विशेष काइट शो का आयोजन किया जाएगा।

यह काइट शो शाम 4 बजे से 5 बजे तक चलेगा, जिसमें पारंपरिक और आधुनिक डिज़ाइन की रंग-बिरंगी पतंगों से आकाश सजेगा। पशु-पक्षियों के आकार की बैलून पतंगें बच्चों के लिए खास आकर्षण रहेंगी। आयोजकों ने सभी आगंतुकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार के मांझे के प्रयोग पर रोक लगाई है, जिससे यह आयोजन सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण में संपन्न हो सके।

इसके अलावा, दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक एक पतंग निर्माण कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे और युवा पारंपरिक व रचनात्मक तरीकों से पतंग बनाना सीखेंगे और अपनी बनाई हुई पतंगें उड़ाकर मकर पर्व का आनंद लेंगे। इनमें से चयनित कुशल प्रतिभागियों के लिए 15 जनवरी, गुरुवार को पतंग उड़ाने की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इस पहल का स्वागत करते हुए पंचायती राज एवं पेयजल तथा ग्रामीण विकास मंत्री रवि नारायण नायक ने कहा कि राज्य सरकार ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने राजधानीवासियों से मेले में शामिल होकर मकर संक्रांति को उत्साह और उल्लास के साथ मनाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि मेले में भीड़ बढ़ने से ग्रामीण उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा और मकर पर्व की खुशियां गांव-गांव तक पहुंचेंगी।

उल्लेखनीय है कि ‘मिनी इंडिया फेयर’ के रूप में प्रसिद्ध इस मेले में न केवल ओडिशा बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलती है। इसी क्रम में बुधवार शाम असम का बिहू लोकनृत्य मेले में प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं मेले के फूड स्टॉल, हस्तशिल्प और हथकरघा स्टॉलों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। लाइव काउंटरों पर युवा वर्ग संबल्पुरी आभूषण, लाख की चूड़ियां और सबाई घास से बने उत्पाद अपनी पसंद के अनुसार तैयार करा रहा है। पहले तीन दिनों में ही मेले की बिक्री ₹3.6 करोड़ को पार कर चुकी है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …