भुवनेश्वर। ओडिशा मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (ओएमएसए) ने राज्य सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद पूरे ओडिशा में जारी अपना आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी है। यह निर्णय गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ हुई चर्चा के बाद लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से ठोस आश्वासन मिलने के बाद ओएमएसए ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया। एसोसिएशन ने कहा कि कुछ मांगों को पूरा करने के लिए सरकारी प्रक्रियाओं में समय लगेगा, इसलिए सरकार को आवश्यक समय दिया जाना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए आंदोलन वापस लिया गया है।
ओएमएसए ने बताया कि उनकी कुछ मांगों से संबंधित सरकारी आदेश आज जारी किए जाएंगे, जबकि शेष मांगों को पूरा करने के लिए सरकार ने एक निश्चित समय-सीमा तय की है।
गौरतलब है कि डॉक्टर 26 नवंबर से एक घंटे के प्रतीकात्मक ओपीडी बंद के जरिए आंदोलन कर रहे थे। इसके बाद 5 जनवरी से दो घंटे का ओपीडी बंद किया गया था। डॉक्टरों के आंदोलन को रोकने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार ने हाल ही में आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ईएसएमए) भी लागू किया था।
इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि मैं ओएमएसए के अध्यक्ष, सचिव और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करता हूं। हमने उन्हें चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। बैठक में हमारे विभाग के सभी अधिकारी और ओएमएसए के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई। उनकी मांगों की समीक्षा और सरकार को आवश्यक सिफारिशें देने के लिए सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें स्वास्थ्य, वित्त और विधि विभाग के तीन सचिव शामिल हैं। सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समिति की सिफारिशों के अनुसार उन्हें पूरा करने का मजबूत आश्वासन दिया है।
सरकार के इस आश्वासन के बाद राज्यभर में चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गई हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
