Home / Odisha / एसजीएफआई तीरंदाजी चैंपियनशिप में ओडिशा के छात्रों की ऐतिहासिक सफलता
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

एसजीएफआई तीरंदाजी चैंपियनशिप में ओडिशा के छात्रों की ऐतिहासिक सफलता

  •     राष्ट्रीय स्कूल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन

भुवनेश्वर। ओडिशा के छात्र-छात्राओं ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) अंडर-17 बालक एवं बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप में ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 6 से 10 जनवरी 2026 तक झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित हो रही है।

प्रतियोगिता में ओडिशा के युवा तीरंदाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यह उपलब्धि राज्य में स्कूली स्तर पर तीरंदाजी खेल की बढ़ती मजबूती को दर्शाती है।

18 खिलाड़ियों ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

ओडिशा की ओर से ओडिशा राज्य स्कूल खेल संगठन के बैनर तले, स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 18 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इस दल में 11 बालिकाएं और 7 बालक शामिल थे।

रोहित कुमार मरांडी ने जीते तीन स्वर्ण पदक

प्रतियोगिता के सबसे सफल खिलाड़ी रहे रोहित कुमार मरांडी, जो ओडिशा के बारीपदा स्थित यूजीपी सरकारी उच्च विद्यालय के कक्षा दसवीं के छात्र हैं। रोहित ने 30 मीटर इंडियन राउंड, 30 मीटर ओलंपिक राउंड में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा उन्होंने मिक्स्ड टीम राउंड में कीस विद्यालय की कक्षा दसवीं की छात्रा रेश्मा मलिक के साथ मिलकर तीसरा स्वर्ण पदक भी जीता।

रेश्मा मलिक का भी स्वर्णिम योगदान

रेश्मा मलिक ने मिक्स्ड टीम राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा के खाते में एक और स्वर्ण पदक जोड़ा। इस प्रकार रोहित कुमार मरांडी ने तीन और रेश्मा मलिक ने एक स्वर्ण पदक जीतकर राज्य की झोली में कुल चार स्वर्ण पदक डाले।

ग्रासरूट खेल विकास का परिणाम

ओडिशा के छात्रों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि राज्य में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह सफलता न केवल स्कूली तीरंदाजी को नई पहचान देगी, बल्कि राज्य के विद्यालयों में उभर रही खेल प्रतिभाओं को भी प्रेरित और प्रोत्साहित करेगी।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …