-
संबलपुर और कटक समेत कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
-
ई-मेल से मिली धमकियों के बाद हाई अलर्ट
-
अदालत परिसर खाली कराकर सघन तलाशी अभियान
भुवनेश्वर/कटक/संबलपुर। ओडिशा में संबलपुर न्यायालय और कटक जिला न्यायालय समेत कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए हैं। इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया, जिसके बाद तत्काल उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
कटक में जिला न्यायाधीश न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता ने संयुक्त रूप से पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान अदालत परिसर में प्रवेश और आवाजाही पर रोक लगाई गई।
संबलपुर न्यायालय में भी सुरक्षा बढ़ाई गई
इससे पहले दिन में संबलपुर न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें न्यायालय परिसर को उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंटी-बम स्क्वॉड को तैनात कर पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया। न्यायालय परिसर के भीतर और बाहर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
कोई विस्फोटक बरामद नहीं, जांच जारी
रिपोर्ट लिखे जाने तक कटक और संबलपुर, दोनों ही स्थानों पर कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को यथावत रखा गया है।
ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू
पुलिस ने धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कटक और संबलपुर न्यायालयों को मिली धमकियों के पीछे कोई एक ही स्रोत है या दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं।
कई न्यायालयों को अज्ञात ई-मेल – डीजीपी कार्यालय
डीजीपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कई न्यायालयों को अज्ञात ई-मेल के माध्यम से न्यायालय परिसर को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिली है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एहतियातन सभी संबंधित स्थानों पर कड़ी जांच और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जनता से सहयोग की अपील
प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि जनता घबराएं नहीं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा जांच में पुलिस का सहयोग करें। फिलहाल ओडिशा के विभिन्न न्यायालय परिसरों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है। खबर लिखे जाने तक कुछ भी चिंताजनक वस्तु नहीं मिली थी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
