Home / Odisha / नवीन पटनायक का बढ़ा वेतन और भत्ते नहीं लेने का ऐलान

नवीन पटनायक का बढ़ा वेतन और भत्ते नहीं लेने का ऐलान

  •     नेता प्रतिपक्ष के रूप में मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

  •     ओडिशा की जनता के प्रति जताया आभार

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने हाल ही में बढ़ाए गए वेतन और भत्तों को नहीं लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी।

अपने पत्र में नवीन पटनायक ने ओडिशा की जनता के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से मुझे ओडिशा के लोगों का प्यार, स्नेह और समर्थन मिला है। मैं ओडिशा की जनता और मेरे दिवंगत पिता बीजू पटनायक के प्रति उनके प्रेम के लिए स्वयं को अत्यंत ऋणी मानता हूं।

विधानसभा से पारित वेतन बढ़ोतरी का संदर्भ

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में हाल ही में ओडिशा विधानसभा द्वारा पारित उस विधेयक का उल्लेख किया, जिसके तहत नेता प्रतिपक्ष समेत जनप्रतिनिधियों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नेता प्रतिपक्ष के लिए स्वीकृत बढ़ी हुई राशि को स्वीकार नहीं करेंगे।

आनंद भवन के दान का दिया उदाहरण

नवीन पटनायक ने अपने फैसले को परिवार की पूर्व परंपरा से जोड़ते हुए वर्ष 2015 में कटक स्थित पैतृक संपत्ति आनंद भवन को सार्वजनिक उपयोग के लिए दान करने की घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उसी भावना के तहत वे नेता प्रतिपक्ष के रूप में बढ़ाए गए वेतन और भत्तों को त्यागने का निर्णय ले रहे हैं।

नैतिक संदेश और राजनीतिक संकेत

नवीन पटनायक का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब जनप्रतिनिधियों के वेतन में बढ़ोतरी को लेकर राज्यभर में बहस और आलोचना हो रही है। उनके इस फैसले को एक नैतिक संदेश और राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …