Home / Odisha / ओडिशा के दिल में ‘मोदी-मोदी’, हरियाली का मिला तोहफा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा के दिल में ‘मोदी-मोदी’, हरियाली का मिला तोहफा

  •     सेवा और पौधरोपण संग मना प्रधानमंत्री का 75वां जन्मदिन

  •     मुख्यमंत्री माझी ने झाड़ू उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश

  •     धर्मेंद्र प्रधान ने सेवा पखवाड़ा से जुड़ने का किया आह्वान

  •     पिछली साल ओडिशा से हुई थी ‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत

  •     मोदी ने चखा था आदिवासी परिवार की खिरी

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बुधवार को ओडिशा ने उन्हें सेवा और हरियाली का अनूठा उपहार दिया। राजधानी भुवनेश्वर से लेकर गांव-गांव ‘मोदी-मोदी’ मय दिखा और सुबह से स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हुई। नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं, उद्योग जगत से लेकर आमजन तक हर कोई इस उत्सव में शामिल दिखा।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, खुद झाड़ू उठाया

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र आज हर भारतीय के दिलों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास भर रहा है।

मुख्यमंत्री ने मास्टर कैंटीन चौक पर स्वयं झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान कई मंत्री, विधायक, भाजपा के ओडिशा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल भी मौजूद थे।

पिछली साल ओडिशा में बनी थीं यादें

लोगों के दिलों में मोदी की छवि आज भी ताजा है। पिछले साल प्रधानमंत्री ने ओडिशा आकर ‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत की थी और आदिवासी परिवार के घर जाकर उनकी बनाई हुई खिरी का स्वाद लिया था। उस पल को राज्य की जनता आज भी गर्व से याद करती है। यही कारण है कि इस बार भी प्रधानमंत्री का जन्मदिन ओडिशा ने बड़े उत्साह और अपनापन के साथ मनाया।

धर्मेंद्र प्रधान का आह्वान – सेवा ही सबसे बड़ा उपहार

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए भगवान श्रीजगन्नाथ से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

प्रधान ने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व देश की जनता के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले गया है। गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज को केंद्र में रखकर उन्होंने शासन को जनता के लिए समर्पित किया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मना रही है। इसमें स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और पौधरोपण जैसे अभियानों को बढ़ावा दिया जाएगा।

प्रधान ने विशेष रूप से अपील की कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 75 लाख पौधे लगाना और वोकल फॉर लोकल को अपनाना प्रधानमंत्री के लिए सच्चा जन्मदिन उपहार होगा।

पौधरोपण और स्वच्छता में उमड़ा उत्साह

राज्यभर में हजारों कार्यकर्ताओं, नागरिकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। हर कोई इसे प्रधानमंत्री के लिए ‘हरियाली का तोहफा’ मान रहा था। वहीं स्वच्छता अभियान में आमजन ने भी बढ़-चढ़कर योगदान दिया। ओडिशा ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर यह संदेश दिया कि जनता के दिलों में मोदी आज भी विश्वास, विकास और सेवा के प्रतीक बन चुके हैं। ‘सुभद्रा योजना’ की शुरुआत और आदिवासी परिवार की खिरी का स्वाद चखने वाली यादें आज भी जनता के मन में ताजा हैं।

भाजपा कार्यालय समेत कई जगहों पर रक्तदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेतृत्व के साथ शामिल होकर कार्यकर्ताओं ने समाजसेवा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि मोदीजी का जन्मदिन सेवा कार्यों के प्रति समर्पित होकर मनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।

नेताओं ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। उन्होंने रक्तदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और सभी से आह्वान किया कि इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में योगदान दें।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …