-
कहा- मंत्रिमंडल विस्तार और सरकारी निगमों में नियुक्तियों पर अभी नहीं हुई कोई चर्चा
-
उपराष्ट्रपति चुनाव में बीजद का मतदान से परहेज करना उसका स्वतंत्र निर्णय
भुवनेश्वर। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बुधवार को स्पष्ट किया कि राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार और सरकारी निगमों में नियुक्तियों से जुड़े फैसले पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। दिल्ली से लौटने के बाद उन्होंने कहा कि इन विषयों पर निर्णय उचित समय आने पर ही लिया जाएगा।
दिल्ली से लौटकर भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत करते हुए सामल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सही समय पर सही निर्णय लिए जाएंगे। सांसदों और केंद्रीय नेताओं के साथ सामान्य चर्चा हुई है, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार या नियुक्तियों पर कोई ठोस बात नहीं हुई।
हाल के दिनों में मुख्यमंत्री मोहन माझी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दिल्ली यात्राओं के बाद राज्य की राजनीतिक हलचलों में अटकलें तेज हो गई थीं। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और विभिन्न बोर्ड व निगमों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा हो सकती है। लेकिन सामल के बयान के बाद स्पष्ट हो गया है कि फिलहाल इस दिशा में कोई त्वरित कदम नहीं उठाया जाएगा।
बीजद द्वारा उपराष्ट्रपति चुनाव से दूरी बनाए रखने के मुद्दे पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजद का मतदान से परहेज करना उसका स्वतंत्र निर्णय है। उन्होंने कहा कि यह उनका फैसला है। भाजपा अपने मार्ग पर आगे बढ़ रही है और जनता के हित में लगातार काम कर रही है। सामल का यह बयान ऐसे समय आया है जब पार्टी और राज्य की राजनीति में बदलाव की अटकलें जोरों पर थीं। उनके स्पष्ट रुख ने न केवल इन चर्चाओं पर विराम लगाया है बल्कि यह भी संकेत दिया है कि भाजपा नेतृत्व फिलहाल संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर धैर्य और संतुलन के साथ आगे बढ़ना चाहता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
