-
18.5 लाख से अधिक किसानों ने कराया नामांकन: मंत्री
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने इस खरीफ सीजन में किसान पंजीकरण के क्षेत्र में अब तक का सर्वोच्च रिकॉर्ड दर्ज किया है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल 18,50,983 किसानों ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली है।
मंत्री ने बताया कि आज पंजीकरण का अंतिम दिन है और यह प्रक्रिया रात 12 बजे तक जारी रहेगी। अधिकारियों का अनुमान है कि दिन समाप्त होने तक यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। पिछली खरीफ ऋतु में 17,50,462 किसान पंजीकृत हुए थे, यानी इस वर्ष लगभग एक लाख से अधिक किसानों की वृद्धि हुई है।
पंजीकरण में हुई इस बढ़ोत्तरी का कारण बताते हुए मंत्री पात्र ने कहा कि शुरूआत में सरकार ने ई-केवाईसी प्रणाली लागू की थी, ताकि बिचौलियों की भूमिका को रोका जा सके और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, तकनीकी समस्याओं के चलते बाद में स्व-घोषणा प्रणाली को अपनाया गया, जिससे किसानों को नामांकन में अधिक सुविधा मिली और पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
सरकार का मानना है कि यह रिकॉर्ड पंजीकरण सुनिश्चित करेगा कि अधिक से अधिक वास्तविक किसानों को सरकारी योजनाओं और खरीफ फसल की खरीद प्रक्रिया का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से मिल सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
