-
चुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी, चुनाव 8 जुलाई को
भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही राज्य में पार्टी नेतृत्व बदलने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। यदि सर्वसम्मति नहीं बनती है, तो मंगलवार, 8 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।
प्रदेश प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं, जबकि केंद्रीय पर्यवेक्षक संजय जयसवाल सोमवार को राजधानी पहुंचेंगे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
भाजपा में परंपरागत रूप से प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव आम सहमति से होता रहा है। तोमर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह चुनाव रथयात्रा के दौरान पुरी में हुई घटना को देखते हुए टाल दिया गया था। अब यह चुनाव 8 जुलाई को होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है। जो भी इस पद के लिए इच्छुक हैं, वे नामांकन कर सकते हैं, लेकिन हमारी परंपरा रही है कि हम आम सहमति से नेतृत्व तय करते हैं।
पार्टी को जल्द मिलेगा नया चेहरा – मनमोहन
भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि पार्टी को जल्द ही एक नया चेहरा मिलेगा। जनता ने इस सरकार को चुना है और यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज़मीन पर परिश्रम किया है, जिसके कारण यह बदलाव संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले 50 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहा हूं और आगे भी पूरे समर्पण के साथ करता रहूंगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
