-
भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने की घोषणा
-
5 लाख निवेशकों की सूची तैयार, प्रक्रिया शुरू
भुवनेश्वर। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार आगामी चार महीनों के भीतर सभी चिटफंड निवेशकों को उनका पैसा वापस लौटाएगी। चाहे राशि 10,000 हो या 10 लाख, हर पात्र निवेशक को चरणबद्ध तरीके से भुगतान किया जाएगा।
सामल ने बताया कि कुल 5 लाख निवेशकों की सूची तैयार कर ली गई है और उन्हें वचनबद्धता पत्र (संकल्प पत्र) के अनुसार धनवापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही 1,26,137 निवेशकों को उनका पैसा लौटा चुकी है।
थोड़े से सबूत पर भी मिलेगा पैसा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर किसी के पास सिर्फ एक कागज का टुकड़ा भी सबूत के तौर पर है, तो वह भी पर्याप्त होगा। हम पात्र निवेशकों की पहचान स्वयं भी कर रहे हैं और जो लोग स्वयं प्रमाण दे रहे हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से राशि लौटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री की पहल की सराहना
मनमोहन सामल ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में अब तक 1.26 लाख से अधिक लोगों को राशि वापस मिल चुकी है। अब अगले 5 लाख निवेशकों की सूची तैयार है, जिनकी राशि अगले चार महीनों में वापस की जाएगी।
राशि चाहे जितनी भी हो, सभी को मिलेगा लाभ
उन्होंने स्पष्ट किया कि राशि चाहे 10,000 हो या 10 लाख रूपये सभी पात्र निवेशकों को सरकार पैसा लौटाएगी। सामल ने कहा कि यह सरकार की प्रतिबद्धता है और चिटफंड घोटाले से पीड़ित हर व्यक्ति को न्याय मिलेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
