-
चार युवा खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक, ओडिशा पुलिस को किया गौरवान्वित
भुवनेश्वर। अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित प्रतिष्ठित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2025 में ओडिशा पुलिस के खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। आज ओडिशा पुलिस के चार युवा खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर बल को गौरवान्वित किया।
ओडिशा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांस्टेबल अशोक दंडसेना ने पुरुष वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में और कांस्टेबल सुस्मिता तिग्गा ने महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले, अशोक दंडसेना ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और सुस्मिता तिग्गा ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत चुके हैं।
इसके अलावा, कांस्टेबल भगवान रेड्डी ने कराटे के 64 किलोग्राम से कम भार वर्ग में और कांस्टेबल सुमन शेखर दास ने 84 किलोग्राम से कम भारवर्ग में कराटे स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर ओडिशा पुलिस की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।
इन खिलाड़ियों की असाधारण सफलता पर राज्य पुलिस महानिदेशक श्री योगेश बहादुर खुरानिया ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां ओडिशा पुलिस की खेल उत्कृष्टता, अनुशासन और समर्पण का परिचायक हैं।
गौरतलब है कि विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल हर दो वर्षों में आयोजित होते हैं, जिसमें विश्वभर के पुलिस, अग्निशमन तथा अन्य सार्वजनिक सुरक्षा एजेंसियों के हजारों खिलाड़ी भाग लेते हैं।
इन चार खिलाड़ियों की जीत न केवल ओडिशा पुलिस की खेल प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि कर्तव्य के साथ खेल में भी उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है। इनकी सफलता निश्चित रूप से अन्य पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
