-
भद्रक जिले में हुआ हमला, खिड़की टूटी
-
कोई यात्री घायल नहीं
भुवनेश्वर। ओडिशा में शुक्रवार को भद्रक जिले में हावड़ा जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12074) पर पथराव किया गया। यह घटना सुबह लगभग 8:15 बजे रांदिया-बौदपुर और भद्रक रेलवे स्टेशनों के बीच हुई, जिसमें ट्रेन के डी/13 कोच की खिड़की टूट गई। सौभाग्यवश, किसी यात्री या रेल कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई।
मामले की जानकारी मिलते ही खुर्दा रोड मंडल के सुरक्षा नियंत्रण केंद्र ने रेलवे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे पुलिस ने तेजी से ट्रैक किनारे तलाशी अभियान चलाया। कुछ ही समय में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान और उसके पथराव करने के पीछे की मंशा का खुलासा अभी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे कृत्यों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि रेल पटरियों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे या पुलिस को दें।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी वर्ष 17 मई को पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस पर सुबह 5:30 बजे के करीब पथराव हुआ था। वह घटना रेंगाली और झारसुगुड़ा स्टेशनों के बीच हुई थी। बी/7 कोच की एक खिड़की पर पत्थर लगा था, जिससे कांच टूटकर यात्रियों के ऊपर बिखर गया था। उस समय यात्री सो रहे थे, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई थी।
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं रेलवे सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ा रही हैं, जिसे लेकर अब रेलवे प्रशासन सतर्कता बढ़ाने की तैयारी में है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

