-
स्वयंसेवकों ने निभाई अहम भूमिका
पुरी। भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के अवसर पर पुरी धाम में शुक्रवार को एक विशेष सेवा प्रयास देखने को मिला। रथयात्रा में भक्तों के भारी जनसैलाब के बीच बीमार और आपात स्थिति में फंसे श्रद्धालुओं तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और अन्य सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवकों ने मिलकर एक प्रभावशाली एंबुलेंस कॉरिडोर तैयार किया।
इस विशेष कॉरिडोर के माध्यम से एंबुलेंस को भीड़ के बीच से सुरक्षित और शीघ्रता से गुज़रने का रास्ता मिला। करीब सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने एक साथ मिलकर भीड़ को नियंत्रित करते हुए रास्ता साफ किया और गंभीर स्थिति वाले मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचाने में मदद की। रथयात्रा के दौरान इस प्रयास से कई एंबुलेंस सुरक्षित और समय पर अपने निर्धारित अस्पताल तक पहुंच सकीं।
भीड़ के बीच इस सेवा भावना की लोगों ने जमकर सराहना की। कई श्रद्धालु और स्थानीय लोग यह कहते हुए दिखाई दिए कि इतनी विशाल भीड़ के बीच एंबुलेंस चलाना आसान कार्य नहीं है, लेकिन युवाओं की तैनाती और समर्पण से यह संभव हो सका है।
गौरतलब है कि हर वर्ष रथयात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं और इस दौरान चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में इस तरह का सेवा कार्य अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आया है। प्रशासन और चिकित्सा दलों ने भी इस प्रयास की सराहना की है।
यह कॉरिडोर विशेष तौर पर श्री मंदिर के समीप से लेकर मेडिकल चौक तक बना होता है जहां से एंबुलेंस सुचारू रूप से रोगियों को लेकर निकलते हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
