Home / Odisha / ओडिशा में शिशुओं के देखभाल और सुरक्षा के क्षेत्र में डिजिटल पहल शुरू

ओडिशा में शिशुओं के देखभाल और सुरक्षा के क्षेत्र में डिजिटल पहल शुरू

  • “आमरी शिशु” वेब पोर्टल का उप-मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने किया लोकार्पण

  • कार्यदक्षता में होगा सुधार, नीतिगत निर्णयों के लिए आवश्यक डेटा विश्लेषण भी होगा आसान

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने शिशु देखभाल, सुरक्षा और पुनर्वास सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल की है। महिला एवं शिशु विकास विभाग के तत्वावधान में उप-मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने आज भुवनेश्वर स्थित राज्य महिला एवं शिशु संस्थान में “आमरी शिशु वेब पोर्टल” का औपचारिक उद्घाटन किया।

उप-मुख्यमंत्री परिडा ने अपने संबोधन में कहा कि यह पोर्टल शिशु सुरक्षा यूनिट,  शिशु कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, शिशु देखभाल संस्थान तथा अन्य सेवा प्रदाताओं और हितधारकों के बीच समन्वय को सुलभ बनाएगा। इससे न केवल कार्यदक्षता में सुधार होगा, बल्कि नीतिगत निर्णयों के लिए आवश्यक डेटा विश्लेषण भी आसान होगा।

उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से राज्य में शिशु कल्याण, पोषण और सुरक्षा संबंधी कार्यों की निगरानी डिजिटल रूप से संभव होगी। शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जानकारी सटीक और अद्यतन रूप में ट्रैक की जा सकेगी। साथ ही, पोषण ट्रैकर और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) जैसी सेवाओं का एकीकरण भी इस पोर्टल में किया गया है।

पोर्टल के माध्यम से मिशन वात्सल्य, यशोदा योजना, आशीर्वाद योजना जैसे प्रमुख कार्यक्रमों की प्रगति और अद्यतन जानकारी आम जनता तक पहुंच सकेगी। उप-मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल शिशु अधिकारों की सुरक्षा एवं समग्र विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम में महिला एवं शिशु विकास विभाग की प्रमुख सचिव शुभा शर्मा, निदेशिका मोनिषा बनर्जी, विभागीय अधिकारीगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …