भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी और महान शिक्षाविद् डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से प्रधान ने लिखा कि प्रखर राष्ट्रवादी, महान शिक्षाविद्, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं मेरे जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणा पुरुष डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। उनका सम्पूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक उत्थान को समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि डॉ मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर भारत में राष्ट्रवादी राजनीति को एक नई दिशा दी और देश की राजनीतिक सोच को नया आयाम प्रदान किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को भारत के साथ पूर्ण एकीकरण का पक्ष लेते हुए अनुच्छेद 370 का विरोध किया और “एक निशान, एक विधान, एक प्रधान” का नारा देकर देश की एकता का संदेश दिया।
प्रधान ने डॉ मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। भारतीय राजनीति के इस महान सूर्य का आलोक भावी पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रप्रेम और एकता के पवित्र मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
