Home / Odisha / प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस और बीजद पर तीखा हमला
MODI प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस और बीजद पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री मोदी का कांग्रेस और बीजद पर तीखा हमला

  • कहा – आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस मॉडल  नेदेश में विकास को रोका

  • भ्रष्टाचार को बना दिया था संस्थागत

  • ओडिशा में पिछली सरकार ने सिर्फ गरीबों, किसानों और आदिवासियों के नाम पर की राजनीति

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा दौरे के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और बीजद के पूर्ववर्ती शासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक देश में जो कांग्रेस मॉडल  चला, उसने विकास को रोक दिया और भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया।

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के मौके पर आयोजित समारोह को मोदी संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बीजद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ओडिशा में पिछली सरकारों ने सिर्फ गरीबों, किसानों और आदिवासियों के नाम पर राजनीति की, लेकिन उन्हें कभी विकास नहीं दिया।

प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस असम को कभी हिंसा और त्रिपुरा को अशांति के लिए जाना जाता था, वहां आज भाजपा की सरकार के नेतृत्व में शांति और विकास की मिसाल कायम हुई है। उन्होंने कहा कि आज असम और त्रिपुरा शांति और तरक्की के मॉडल बन चुके हैं। यह भाजपा की नीयत और नीति का परिणाम है।

मोदी ने ओडिशा की पिछली सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और गरीबी ने इस राज्य को लंबे समय तक जकड़े रखा। किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। लेकिन अब, जब राज्य और केंद्र में दोनों जगह भाजपा की डबल इंजन सरकार है, तब ओडिशा के लोगों को विकास का दुगुना लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहले लाखों गरीब परिवार आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित थे, लेकिन अब करीब तीन लाख लोग आयुष्मान भारत और राज्य की गोपबंधु स्वास्थ्य योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज का लाभ पा रहे हैं। उन्होंने सूरत में बसे ओडिया समुदाय का जिक्र करते हुए कहा कि वहां रहने वाले प्रवासी ओडिया भी केंद्र की योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा के 33 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को अब प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत 5 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों, आदिवासियों और वंचित तबकों तक केंद्र और राज्य दोनों की योजनाएं पहुंचाई हैं।

बीजद पर हमला तेज करते हुए मोदी ने कहा कि दशकों तक आदिवासियों को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया गया, लेकिन उनके जीवन में कोई बदलाव नहीं लाया गया।

Share this news

About admin

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …