Home / Odisha / प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भुवनेश्वर में सुरक्षा रही चाक-चौबंद

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भुवनेश्वर में सुरक्षा रही चाक-चौबंद

  •  हर चौराहे पर तैनात रहे जवान

भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी भुवनेश्वर स्थित जनता मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त और चाक-चौबंद रखा गया था। राज्य प्रशासन और पुलिस महकमे ने किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे।
राजधानी को जोड़ने वाले प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। जयदेव विहार चौक से लेकर जनता मैदान तक के पूरे रास्ते पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही को लेकर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का विशेष घेरा तैयार किया गया था।
जनता मैदान में प्रवेश के लिए बने प्रत्येक गेट पर सुरक्षा जांच की गई। दर्शकों को निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने से पहले गहन तलाशी ली गई। मेटल डिटेक्टर और हैंडहेल्ड स्कैनर की सहायता से जांच की गई ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल के भीतर जाने से रोका जा सके।
कार्यक्रम में भाग लेने आए विधायकों, सांसदों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से पास और विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई थी। मीडिया के लिए भी विशेष प्रवेश और पार्किंग की सुविधा दी गई थी ताकि ट्रैफिक और अव्यवस्था से बचा जा सके।
इस उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी की चारों ओर सराहना हो रही है।
Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …