भुवनेश्वर। ओडिशा में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राजधानी भुवनेश्वर स्थित जनता मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उपस्थित हुए, जिनका स्वागत करने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप भी लोगों के उत्साह के सामने फीकी पड़ गई।
सुबह 11:00 बजे से ही राजधानी की मुख्य सड़कों पर प्रधानमंत्री के रोड शो को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। लोग हाथों में तिरंगा लिये, मोदी-मोदी के नारों के साथ पीएम के स्वागत को आतुर दिखे। रोड शो के मार्ग पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे, लेकिन जनता के जोश के आगे हर अवरोध छोटा लगा।
जनता मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के लिए दोपहर 12 बजे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। मैदान में दूर-दराज से आए लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी मंच पर पहुंचे, पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

