भुवनेश्वर। महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनजातीय नायक, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के बलिदान दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल स्वतंत्रता संग्राम के प्रेरणास्रोत थे, बल्कि उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भी उनको याद करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। भारत माता की स्वतंत्रता, आदिवासी समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भारत माता के वीर सपूत बिरसा मुंडा जी का जीवन साहस, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जो अलख उन्होंने जगाई, वह आज भी जनजातीय समाज और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जय धरती आबा, जय जोहार!
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
