Home / Odisha / नयागढ़ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

नयागढ़ में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़

  •  गुप्त सूचना पर दसपल्ला के घने जंगलों में हुई थी छापेमारी

  • तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

नयागढ़। ओडिशा के नयागढ़ जिले में पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत दसपल्ला के घने जंगलों में चल रही एक अवैध हथियार निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर नयागढ़ और दसपल्ला पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में छापेमारी कर इस फैक्ट्री को पकड़ा, जो बीते कई महीनों से गैरकानूनी तरीके से हथियार बना रही थी।

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम हैं- राजेश प्रधान, विभूति परिडा और तपन परिडा। ये तीनों दसपल्ला के द्वारागांव के निवासी हैं। हालांकि, एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

पूरा नेटवर्क होगा ध्वस्त – एसपी

नयागढ़ की पुलिस अधीक्षक एस सुश्री ने मीडिया को बताया कि हम इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ये आरोपी न केवल शिकारियों बल्कि आम नागरिकों और असामाजिक तत्वों को भी भारी रकम में हथियार बेचते थे। हमारे पास जानकारी है कि इन्हीं हथियारों का प्रयोग रंगदारी, डकैती जैसे अपराधों में भी हो रहा है। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि इन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।

दो देसी पिस्तौल, हथियार निर्माण के उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, हथियार निर्माण के उपकरण और अन्य घातक हथियार बरामद किए हैं। इससे स्पष्ट है कि यह नेटवर्क संगठित रूप से काम कर रहा था और लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस ने इस नेटवर्क के बचे हुए हिस्सों को भी जल्द पकड़ने की बात कही है।

हथियारों की बढ़ती तस्करी और उपलब्धता चिंता का विषय

इस अवैध फैक्ट्री की बरामदगी से इलाके में अवैध हथियारों की बढ़ती तस्करी और उपलब्धता पर गंभीर चिंता जताई जा रही है। पुलिस अब अन्य संभावित ठिकानों और कनेक्शनों की भी जांच कर रही है।

पुलिस तेज करेगी अभियान

नयागढ़ पुलिस का कहना है कि इस तरह की फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा और अवैध हथियार निर्माण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में गश्त और खुफिया निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …