-
छह जिलों में पूरी तरह सक्रिय
-
कलाहांडी, कंधमाल, खुर्दा और पुरी के कुछ हिस्सों में भी पहुंचा
भुवनेश्वर। ओडिशा में इस वर्ष मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को जानकारी दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने राज्य के छह जिलों को पूरी तरह से कवर कर लिया है, जबकि कुछ अन्य जिलों के हिस्सों में भी यह सक्रिय हो गया है।
आईएमडी के अनुसार, मालकानगिरि, कोरापुट और गजपति जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। इसके अलावा, नवरंगपुर, रायगड़ा और गंजाम के अधिकांश हिस्सों और कलाहांडी, कंधमाल, खुर्दा और पुरी जिलों के कुछ हिस्सों में भी मानसून ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
बुधवार को ही मानसून ओडिशा के कुछ भागों में पहुंचा था, जो सामान्य समय से लगभग 13 दिन पहले है। आमतौर पर जून के मध्य में मानसून राज्य में प्रवेश करता है, लेकिन इस वर्ष यह समय से पहले सक्रिय हो गया है, जिससे किसानों और मौसम विशेषज्ञों दोनों में उत्साह है।
डिप डिप्रेशन के कारण हो रही भारी बारिश
इस बीच, पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने डिप डिप्रेशन के कारण ओडिशा में भारी से बहुत भारी वर्षा हो रही है।
कृषि कार्यों में मिलेगी गति, किसानों को राहत की उम्मीद
मानसून की समयपूर्व आमद से ओडिशा के किसानों को धान की बुआई और अन्य खरीफ फसलों की तैयारी में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर दक्षिण ओडिशा के जिलों में जहां भारी बारिश हो रही है, वहां जल स्तर में वृद्धि और भूमि की नमी से खेती को बढ़ावा मिलेगा।
मौसम विभाग की निगरानी जारी
आईएमडी और अन्य एजेंसियां इस मानसूनी गतिविधि पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। तटीय और आंतरिक जिलों के लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम से संबंधित चेतावनियों पर ध्यान दें और आवश्यक सतर्कता बरतें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
